मुख्य सामग्री पर जाएँ

दिल्ली में नदी पर्यटन की नई शुरुआत, नमो यमुना रिवर सफारी आज से शुरू

अक्षर
दिल्ली में नदी पर्यटन की नई शुरुआत, नमो यमुना रिवर सफारी आज से शुरू

दिल्लीवासियों के लिए यमुना नदी में घूमने और क्रूज का आनंद लेने का नया विकल्प मिलने जा रहा है। राजधानी में 'नमो यमुना रिवर सफारी' की शुरुआत 10 नवंबर से हो रही है। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल इस मनोरंजक क्रूज सेवा का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहेंगी।

इस क्रूज सेवा के शुरू होने से दिल्लीवासियों और पर्यटकों को यमुना नदी में सफर करने का एक नया अनुभव मिलेगा। यह सेवा सोनिया विहार से जगतपुर के बीच संचालित होगी। करीब 12 किलोमीटर की फेरी यात्रा के लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। क्रूज में एक बार में अधिकतम 30 यात्री सफर कर सकेंगे।

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

नमो यमुना रिवर सफारी परियोजना का मुख्य उद्देश्य यमुना नदी को पर्यटन और मनोरंजन गतिविधियों से जोड़ना है। इसके माध्यम से दिल्ली में नदी आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने और लोगों को मनोरंजन का एक नया विकल्प उपलब्ध कराने की योजना है।

इस परियोजना का विकास भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) द्वारा केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के तहत किया जा रहा है। इसमें दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA), दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम और दिल्ली सरकार के अन्य विभाग भी सहयोग कर रहे हैं।

बता दें कि यमुना नदी को राष्ट्रीय जलमार्ग अधिनियम, 2016 के तहत राष्ट्रीय जलमार्ग-110 घोषित किया गया है। सोनिया विहार से जगतपुर तक क्रूज सेवा की शुरुआत इसी जलमार्ग की पर्यटन और मनोरंजन संबंधी संभावनाओं को विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

सीएम रेखा गुप्ता ने दी जानकारी

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट साझा कर यमुना रिवर क्रूज सेवा की शुरुआत की जानकारी दी। उन्होंने इस पहल को दिल्ली में पर्यटन और मनोरंजन के नए अवसर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

सीएम रेखा गुप्ता ने अपने पोस्ट में लिखा,

"यमुना रिवर क्रूज दिल्ली को एक बिल्कुल नया अनुभव देने के लिए तैयार है! आज केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के साथ, हम यमुना नदी क्रूज सेवा का शुभारंभ कर रहे हैं। यह यमुना मां को जनता के करीब लाने, मनोरंजन के नए अवसर पैदा करने और दिल्ली के नदी तट को एक नई पहचान देने की दिशा में एक कदम है।"

WhatsApp पर शेयर करें
Join our WhatsApp Group