नोएडा से ग्रेटर नोएडा तक एक्वा लाइन मेट्रो का होगा विस्तार, 8.449 किलोमीटर लंबे रूट पर बनेंगे 5 नए स्टेशन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के विस्तार को मंजूरी दे दी है। इसके तहत नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-04 तक मेट्रो लाइन का विस्तार किया जाएगा। इस नए कॉरिडोर की लंबाई 8.449 किलोमीटर होगी और इस पर कुल 5 एलिवेटेड (ऊपर बने) स्टेशन बनाए जाएंगे।इस विस्तार के पूरा होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मेट्रो का कुल चालू नेटवर्क 71.878 किलोमीटर हो जाएगा।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों को मिलेगा फायदा
एक्वा लाइन मेट्रो के इस विस्तार से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई इलाकों में सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बेहतर होगी। खासतौर पर उन क्षेत्रों के लोगों को फायदा मिलेगा, जहां अभी मेट्रो की पहुंच सीमित है। नई मेट्रो लाइन के जरिए यात्रियों को ब्लू लाइन से जुड़ने की सुविधा भी मिलेगी। नोएडा सेक्टर-61 पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे यात्री आसानी से दूसरी मेट्रो लाइन पर जा सकेंगे।
मॉल, ऑफिस और आईटी कंपनियों तक पहुंच होगी आसान
इस नए कॉरिडोर से कई प्रमुख व्यावसायिक और कारोबारी क्षेत्रों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इनमें गौर सिटी मॉल, एच एंड एस मॉल और ऑफिस स्पेस, ग्रेटर नोएडा सेक्टर-04 का ब्लू सैफायर मॉल और कमर्शियल स्पेस, नोएडा सेक्टर-51 में आइकिया और सेक्टर-73 में एंथुरियम मॉल शामिल हैं।

इसके अलावा नोएडा सेक्टर-60 में टेक महिंद्रा और टीसीएल टेक के कार्यालय, सेक्टर-73 में तेल उद्योग विकास बोर्ड और ग्रेटर नोएडा सेक्टर-04 में गोल्डन आई ऑफिस एवं कमर्शियल स्पेस जैसे प्रमुख कार्यालयों और आईटी केंद्रों तक पहुंच भी आसान होगी।
स्कूल, अस्पताल और रिहायशी सोसायटियों को भी फायदा
मेट्रो के इस विस्तार से कई शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों और रिहायशी सोसायटियों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।शिक्षण संस्थानों में नोएडा सेक्टर-122 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल शामिल है।वहीं, प्रमुख स्वास्थ्य केंद्रों में कैलाश अस्पताल, नोएडा सेक्टर-70 का रामा अस्पताल, सेक्टर-51 का क्लाउड 9 अस्पताल और सेक्टर-62 का रामा अस्पताल शामिल हैं।इसके अलावा नोएडा सेक्टर-122 की क्लियो काउंटी रेजीडेंसी और ग्रेटर नोएडा सेक्टर-04 की गौर सिटी 1 और 2 जैसी बड़ी आवासीय सोसायटियों के लोगों को भी इस मेट्रो विस्तार का लाभ मिलेगा।
ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
मेट्रो लाइन के विस्तार से नोएडा और ग्रेटर नोएडा की सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। लोगों को आने-जाने के लिए एक बेहतर विकल्प मिलेगा। इससे यात्रा का समय घट सकता है और सड़कों पर ट्रैफिक की स्थिति में सुधार हो सकता है। साथ ही सड़क सुरक्षा को भी फायदा मिलेगा।
प्रदूषण कम करने में मिलेगी मदद
मेट्रो नेटवर्क बढ़ने से पेट्रोल और डीजल से चलने वाले निजी वाहनों पर लोगों की निर्भरता कम हो सकती है। इससे वाहनों से होने वाले कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और पर्यावरण को भी फायदा मिलेगा।
कारोबार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
नई मेट्रो लाइन से शहर के अलग-अलग हिस्सों के बीच यात्रा करना आसान होगा। इसके अलावा दिल्ली के हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशनों और बस डिपो जैसे प्रमुख परिवहन केंद्रों तक पहुंचने में भी लोगों को सुविधा मिलेगी।
यात्रा में लगने वाला समय कम होने से लोगों की कार्यक्षमता बढ़ेगी। वहीं, नए मेट्रो स्टेशनों के आसपास दुकानों, व्यावसायिक गतिविधियों और दूसरे कारोबार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे उन इलाकों में भी निवेश और विकास के नए अवसर पैदा हो सकते हैं, जहां अभी लोगों की आवाजाही कम है।
आम लोगों की जिंदगी होगी आसान
एक्वा लाइन के विस्तार से समाज के अलग-अलग वर्गों के लोगों को सार्वजनिक परिवहन की बेहतर सुविधा मिलेगी। इससे परिवहन की सुविधाओं में असमानता कम करने में मदद मिलेगी। लोगों को काम, पढ़ाई, इलाज और दूसरी जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में आसानी होगी।
