मुख्य सामग्री पर जाएँ

मुजफ्फरनगर में जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन की अपील, 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना प्रक्रिया

अक्षर
मुजफ्फरनगर में जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन की अपील, 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना प्रक्रिया

मुजफ्फरनगर। भारत की जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए मुजफ्फरनगर जिला प्रशासन ने जिले के नागरिकों से बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की है। जिलाधिकारी की ओर से जारी अपील में आम नागरिकों, युवाओं, किसानों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों और किसान यूनियनों से जनगणना के द्वितीय चरण में पूर्ण सहयोग करने का आग्रह किया गया है।

जिला प्रशासन के अनुसार, जनगणना के माध्यम से प्राप्त सटीक आंकड़े जिले के समग्र विकास, सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और भविष्य की विकास योजनाओं को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी जानकारी सही और सटीक दर्ज कराएं, ताकि जनपद की वास्तविक स्थिति के आधार पर विकास योजनाएं बनाई जा सकें।

16 नवंबर से 30 नवंबर तक होगी स्व-गणना

प्रशासन की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, जनगणना के द्वितीय चरण में नागरिकों को डिजिटल माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा मिलेगी। स्व-गणना (Self-Enumeration) की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक निर्धारित की गई है।इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना (Population Enumeration) का कार्य किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर पहुंचकर नागरिकों से आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे।

ऑनलाइन पोर्टल के जरिए दर्ज कर सकेंगे जानकारी

नागरिक आधिकारिक वेबसाइट census.gov.in के माध्यम से स्व-गणना प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेंगे। जिला प्रशासन ने लोगों से इस डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने और घर पहुंचने वाले प्रगणकों को सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह भविष्य की सरकारी योजनाओं, संसाधनों के उचित वितरण और क्षेत्रीय विकास की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण आधार है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील करते हुए संदेश दिया है कि 'हमारी जनगणना, हमारा विकास'।

WhatsApp पर शेयर करें
Join our WhatsApp Group