आयुष्मान भारत योजना की सेवाओं की जानकारी प्राप्त करना, पहले से कहीं ज्यादा आसान: नेशनल हेल्थ अथॉरिटी NHA
नेशनल हेल्थ अथॉरिटी NHA
सरकार ने लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए, WhatsApp पर नई डिजिटल सेवा शुरू की है, जिससे घर बैठे कुछ ही सेकंड में जरूरी जानकारी मिल सकेगी। नेशनल हेल्थ अथॉरिटी NHA ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, PM JAY के लाभार्थियों के लिए, आयुष्मान सारथी नाम से नया WhatsApp चैटबॉट लॉन्च किया है। इस चैटबॉट की मदद से लोग बिना किसी लंबी प्रक्रिया के, अपने मोबाइल पर ही योजना से जुड़ी कई जरूरी सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। इसका मकसद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी, पहले से ज्यादा आसान तरीके से पहुंचाना है।
चैटबॉट तुरंत सक्रिय
नेशनल हेल्थ अथॉरिटी के अनुसार, आयुष्मान सारथी WhatsApp चैटबॉट सप्ताह के सातों दिन और 24 घंटे काम करेगा। यानी लाभार्थी किसी भी समय अपने मोबाइल से आयुष्मान योजना से जुड़ी जानकारी ले सकते हैं। आपको केवल 7290823838 नंबर अपने मोबाइल में सेव करना होगा। और WhatsApp पर Hi लिखकर भेजना होगा। इसके बाद चैटबॉट तुरंत सक्रिय हो जाएगा, और स्क्रीन पर अलग अलग सेवाओं के विकल्प दिखाई देंगे। यूजर अपनी जरूरत के
अनुसार विकल्प चुनकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
आयुष्मान सेवाओं की जानकारी
इसके अन्तर्गत आने वाले प्रत्येक परिवार को 5 लाख तक का कैशरहित स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया जायेगा। इसका उद्देश्य व्यक्तियों और उनके परिवारों को सस्ती दरों पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा प्रदान करना है ताकि लोग बिना किसी परेशानी के बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ प्राप्त कर सकें। आप स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने के लिए कार्ड का उपयोग कर सकते हैं। कार्ड में आपका पूरा मेडिकल इतिहास और स्वास्थ्य रिकॉर्ड भी होता है, जिसे बीमा कंपनियां और अस्पताल एक स्थान पर पहुच सकते हैं।
पोर्टल, ऐप या हेल्पलाइन पर निर्भरता खत्म
एक ही WhatsApp चैटबॉट के जरिए अधिकांश जरूरी काम पूरे किए जा सकेंगे। स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि, WhatsApp जैसे लोकप्रिय प्लेटफॉर्म पर यह सुविधा शुरू होने से, डिजिटल हेल्थ सेवाओं का दायरा और बढ़ेगा। आयुष्मान योजना से जुड़ी जानकारी लेने, नजदीकी अस्पताल खोजने, कार्ड से संबंधित सेवाओं का उपयोग करने या शिकायत दर्ज कराने के लिए अलग अलग पोर्टल, ऐप या हेल्पलाइन पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी। देश भर के पात्र लोगों के लिए, आयुष्मान भारत योजना की सेवाओं की जानकारी प्राप्त करना, पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जायेगा।


































