नन्ही परी का रिकॉर्ड: 42 सेकंड में 50 विलोम शब्द

img
इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स
भीलवाड़ा की एक पांच वर्षीय नन्ही बालिका ने अपनी अद्भुत प्रतिभा से पूरे देश में जिले का नाम रोशन किया है। सिंधु नगर, भीलवाड़ा की रहने वाली पहर कौर छाबड़ा, जो अक्षय सिंह छाबड़ा की पुत्री हैं, ने एक असाधारण उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने अपनी आयु के मात्र 5 वर्ष, 3 महीने और 18 दिन में यह अद्भुत रिकॉर्ड बनाकर सभी को हैरान कर दिया है। इस बच्ची ने अपनी विलक्षण स्मरण शक्ति का परिचय देते हुए इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पहलर कौर की इस उपलब्धि की आधिकारिक पुष्टि इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा की गई है। संस्था की ओर से उन्हें एक प्रमाण पत्र और एक मेडल भी प्रदान किया गया है, जो उनकी कड़ी मेहनत और प्रतिभा को दर्शाता है। यह सम्मान बालिका के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।

तेज स्मरण शक्ति का प्रदर्शन
पहर कौर छाबड़ा ने महज 42 सेकंड में 50 अंग्रेजी विलोम शब्दों को याद करके यह रिकॉर्ड बनाया है। उनकी यह उपलब्धि न सिर्फ भीलवाड़ा के लिए, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। इस तरह की कम उम्र में इतनी तेज स्मरण शक्ति का प्रदर्शन बेहद दुर्लभ माना जाता है।

गौरवपूर्ण पल
इस गौरवपूर्ण पल पर, गुरुद्वारा उपाध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता इकबाल सिंह और समस्त सिख समाज ने पहर कौर के दादाजी प्रीतपाल सिंह के आवास पर पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। सभी ने इस नन्ही प्रतिभा पर गर्व व्यक्त किया और इसे पूरे भीलवाड़ा और समाज के लिए गर्व का क्षण बताया। 

बच्चों को सही मार्गदर्शन
पहलर कौर की यह उपलब्धि यह दर्शाती है कि अगर बच्चों को सही मार्गदर्शन मिले तो वे किसी भी उम्र में बड़े से बड़ा कारनामा कर सकते हैं। यह न सिर्फ उनके माता-पिता के लिए बल्कि अन्य अभिभावकों के लिए भी एक प्रेरणा है कि वे अपने बच्चों की प्रतिभा को पहचानें और उन्हें प्रोत्साहित करें। रिपोर्ट - पंकज पोरवाल, भीलवाड़ा। 




Join our WhatsApp Group