न्यूयॉर्क में राजस्थान एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (RANA) दिवस: प्रवासी राजस्थानियों का सम्मान
अक्षर
प्रवासी राजस्थानियों के लिए गर्व
न्यूयॉर्क शहर के सिटी हॉल में एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना, जब मेयर एरिक एडम्स ने 6 अगस्त को आधिकारिक तौर पर 'राजस्थान एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (RANA) दिवस' घोषित किया। यह घोषणा RANA के 25वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में की गई, जिसने अमेरिका में रह रहे राजस्थानी समुदाय के लोगों को एकजुट करने और उनके योगदान को सम्मानित करने का काम किया। यह एक ऐसा दिन है, जो प्रवासी राजस्थानियों के लिए गर्व का प्रतीक बन गया है।
अमेरिका में राजस्थानी समुदाय
यह घोषणा RANA के 25 वर्षों के सफल सफर और अमेरिका में राजस्थानी समुदाय द्वारा किए गए सामाजिक, सांस्कृतिक और परोपकारी कार्यों का सम्मान है। इस अवसर पर अमेरिका के विभिन्न हिस्सों से आए राजस्थानी मूल के लोग, सामुदायिक नेता और कई अधिकारी मौजूद थे। यह सम्मान न केवल RANA, बल्कि पूरे राजस्थानी समुदाय के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, जो विदेशों में भी अपनी संस्कृति और जड़ों को जिंदा रखे हुए हैं।
मेहनत और समर्पण का प्रतीक
मेयर कार्यालय की आयुक्त ऐसाटा कैमारा, उप आयुक्त दिलीप चौहान और आस्था सलाहकार पादरी गिलफोर्ड मोनरोस की उपस्थिति में RANA के अध्यक्ष प्रेम भंडारी और डॉ. रेखा भंडारी को यह आधिकारिक घोषणा-पत्र भेंट किया गया। यह सम्मान पत्र RANA की मेहनत और समर्पण का प्रतीक है, जिसने वर्षों से सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
गौरवशाली अवसर ऐतिहासिक मुकाम
स गौरवशाली अवसर पर RANA के कई वरिष्ठ सदस्य और संस्थापक मौजूद थे, जिनमें के.के. मेहता, आनंद नाहर, हरिदास कोटेवाला, डॉ. नरेंद्र हदपावत, डॉ. अजय जैन, दशरथ दुगड़, राजेश साहा, श्रीमती मीना गर्ग और अन्य प्रमुख सदस्य शामिल थे। इनकी उपस्थिति ने इस कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया। यह सभी नेताओं का समर्पण ही था, जिसके कारण RANA ने यह ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया।
महत्वपूर्ण क्षेत्रों में योगदान
जल संरक्षण, शिक्षा, कोविड राहत, अक्षय पात्र और वरिष्ठ नागरिक सेवाओं जैसे कार्यों में RANA की भूमिका सराहनीय रही है। इस संगठन ने समाज सेवा के माध्यम से अपनी पहचान बनाई है और दूसरों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है।
