पूर्व मंत्री के घर ग्रेनेड हमले में NIA ने किया साज़िश का पर्दाफ़ाश: पंजाब

img
राष्ट्रीय जांच एजेंसी
राजनीतिक हस्तियों को निशाना बनाकर जनता में ख़ौफ़ पैदा करने की एक ख़तरनाक साज़िश का राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पर्दाफ़ाश किया है। NIA ने पंजाब के पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया के आवास पर हुए ग्रेनेड हमले के मामले में चार आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाख़िल किया है। इस हमले के मामले में दो गिरफ्तार आरोपियों- उत्तर प्रदेश के सैदुल अमीन और हरियाणा के अभिजोत जांगड़ा; तथा दो भगोड़े- हरियाणा के कुलबीर सिंह सिद्धू और मनीष उर्फ काका राणा के विरुद्ध आरोपपत्र दाख़िल किया है। इन सभी पर गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (UAPA), भारतीय न्याय संहिता (BNS) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।

पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया
यह हमला इसी वर्ष 7 अप्रैल 2025 की रात को पंजाब के जालंधर स्थित पूर्व भाजपा मंत्री मनोरंजन कालिया के आवास पर किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए, NIA ने कुछ ही दिनों बाद, 12 अप्रैल 2025 को इस मामले की जांच अपने हाथों में ले ली। NIA द्वारा दाख़िल किए गए आरोपपत्र से इस पूरे मामले की जड़ें और कार्यप्रणाली स्पष्ट हो जाती है।

प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन 
बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) का सदस्य कुलबीर सिंह सिद्धू अपने सहयोगी मनीष उर्फ काका राणा के साथ मिलकर एक आतंकी गिरोह बनाया था। मनीष ने बाद में सैदुल अमीन को भर्ती किया, जिसने घटना वाली रात को ग्रेनेड फेंका था। सैदुल को ग्रेनेड कुलबीर ने दिया था, जबकि अभिजोत जांगड़ा ने आतंकी गतिविधियों के लिए धन मुहैया कराया था।

साज़िश की जिम्मेदारी
जांच में सामने आया है कि इस आतंकी गिरोह का मुख्य उद्देश्य पंजाब के प्रमुख नेताओं को निशाना बनाकर आम जनता के बीच डर का माहौल पैदा करना था। इस डर का फायदा उठाकर, वे जबरन वसूली के माध्यम से BKI के लिए फंड जुटाना चाहते थे। हमले के बाद, कुलबीर ने मनीष के साथ मिलकर साज़िश की जिम्मेदारी लेते हुए एक पोस्टर भी जारी किया था।

गिरफ्तारी पर 10 लाख रुपये का इनाम
कुलबीर सिंह सिद्धू के खिलाफ पहले ही रेड कॉर्नर नोटिस जारी हो चुका है और उसकी गिरफ्तारी पर 10 लाख रुपये का इनाम भी रखा गया है। NIA इससे पहले भी VHP नेता विकास प्रभाकर की लक्षित हत्या से जुड़े मामले में कुलबीर पर आरोपपत्र दाख़िल कर चुकी है। एजेंसी फरार आरोपियों को पकड़ने और भारत में सक्रिय BKI नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान करने के लिए अपने प्रयास तेज़ कर रही है।

About Us

न्यूज़ ब्लैक एंड व्हाइट पर आपको देश और दुनिया की ताजा खबरें और महत्वपूर्ण जानकारी मिलती है। न्यूज़ ब्लैक एंड व्हाइट हिंदी भाषा में एक अग्रणी प्लेटफॉर्म है, जहां आप लेटेस्ट न्यूज, ब्रेकिंग न्यूज, पॉलिटिक्स, खेल, मनोरंजन, टेक्नोलॉजी, लाइफस्टाइल, धर्म, और राशिफल से जुड़ी खबरें पढ़ सकते हैं।

Follow us

Tags Clouds

img