भारतीय सेना की जासूसी, सिम-आधारित सीसीटीवी कैमरे बरामद: पंजाब पुलिस

img
सैन्य छावनी क्षेत्र कपूरथला शहर
पंजाब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने भारतीय सेना की गतिविधियों की लाइव फुटेज सीधे सीमा पार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) को भेज कर देश की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश कर रहे एक अत्यंत संवेदनशील जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।   
इस संयुक्त ऑपरेशन का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) गौरव तूरा और अपराध जांच एजेंसी के सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) सिमरन ढींडसा ने जानकारी देते हुए बताया की पुलिस को 28 अप्रैल को गोपनीय सूचना मिली थी कि कपूरथला शहर के सैन्य छावनी क्षेत्र के पास एक गुप्त कैमरे से सेना की गतिविधियों का सीधा प्रसारण पाकिस्तान किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट के तहत तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया। 29 अप्रैल की सुबह करीब 2 बजे एक विशेष टीम ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान फिरोजपुर जिले के डोना गांव निवासी सोना और संदीप सिंह उर्फ सोनू के रूप में हुई है।

राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में आधुनिक उपकरणों का दुरुपयोग
देश की सुरक्षा में सेंध लगाने की यह कोशिश जितनी शातिर थी, सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई उतनी ही त्वरित रही, जिसमें महज चंद घंटों के भीतर मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया गया। यह मामला दर्शाता है कि किस प्रकार आधुनिक स्मार्ट उपकरणों का दुरुपयोग राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के लिए किया जा रहा है और कैसे विदेशी ताकतें स्थानीय नेटवर्क के माध्यम से भारतीय सैन्य छावनियों की टोह लेने का प्रयास कर रही हैं। एसएसपी गौरव तूरा ने घटनाक्रम का विस्तृत विवरण देते हुए बताया आरोपी सोना ने करीब एक महीने पहले कपूरथला के मॉडल टाउन में अपनी पत्नी के नाम पर एक दुकान किराए पर ली थी। आरोपियों ने दुकान के पास एक खंभे पर चीन निर्मित Imou ब्रांड का सिम-आधारित सीसीटीवी कैमरा लगाया था। यह कैमरा सीधे पाकिस्तान में बैठे फौजी नामक एक एजेंट को सैन्य गतिविधियों की लाइव फुटेज भेज रहा था, जिसकी पहुंच आरोपियों के मोबाइल फोन पर भी थी। पुलिस ने मौके से सीसीटीवी कैमरा, चार स्मार्टफोन और एक वाई-फाई मॉडम बरामद किया है। आरोपियों ने स्वीकार किया कि इस जासूसी के बदले उन्हें 35,000 रुपये नकद मिले थे। इसके अतिरिक्त, आरोपी संदीप ने ड्रोन के जरिए सीमा पार से भेजी गई 1 किलो हेरोइन की डिलीवरी के लिए 50,000 रुपये प्राप्त करने की बात भी कबूली है।

राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक नई चुनौती
बरनाला सेंट्रल जेल से इस पूरे जासूसी नेटवर्क का सचालन जुड़ा हुआ है। आरोपियों ने जेल में बंद एक अन्य अपराधी के माध्यम से पाकिस्तानी एजेंट से संपर्क स्थापित किया था। पुलिस वर्तमान में उन सभी कड़ियों को जोड़ रही है जो इस नेटवर्क को संचालित कर रहे है। पकड़े गए आरोपियों को न्यायालय में पेश कर चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब इनके 'फॉरवर्ड और बैकवर्ड' लिंक्स की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या अन्य शहरों में भी इसी प्रकार के जासूसी उपकरण स्थापित किए गए हैं। सीमावर्ती राज्य में नशे की तस्करी और जासूसी का यह घातक गठजोड़ राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक नई चुनौती बनकर उभरा है, जिस पर सुरक्षा एजेंसियां अब और अधिक सख्ती से निगरानी रख रही हैं।

About Us

न्यूज़ ब्लैक एंड व्हाइट पर आपको देश और दुनिया की ताजा खबरें और महत्वपूर्ण जानकारी मिलती है। न्यूज़ ब्लैक एंड व्हाइट हिंदी भाषा में एक अग्रणी प्लेटफॉर्म है, जहां आप लेटेस्ट न्यूज, ब्रेकिंग न्यूज, पॉलिटिक्स, खेल, मनोरंजन, टेक्नोलॉजी, लाइफस्टाइल, धर्म, और राशिफल से जुड़ी खबरें पढ़ सकते हैं।

Follow us

Tags Clouds

img