मुख्य सामग्री पर जाएँ

राजस्थान के बीकानेर में भक्तिमय दीपावली मिलन समारोह संपन्न, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के सानिध्य में निकली भजन जैमिंग यात्रा

अक्षर
राजस्थान के बीकानेर में भक्तिमय दीपावली मिलन समारोह संपन्न, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के सानिध्य में निकली भजन जैमिंग यात्रा

दीपावली के पर्व पर राजस्थान के बीकानेर में भक्ति और संगीत का अनूठा नजारा देखने को मिला। अंतरराष्ट्रीय योग गुरु नवीन मेघवाल (नवीन दा हीलर) के कार्यक्रम के तहत शहर में भक्तिमय दीपावली मिलन समारोह और भजन जैमिंग यात्रा का आयोजन किया गया। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में शहरवासियों ने हिस्सा लिया और प्रभु श्रीराम तथा हनुमानजी के भजनों के साथ दीपावली का उत्सव मनाया।

इस भजन जैमिंग यात्रा में नवीन मेघवाल  युवाओं के बीच खास आकर्षण का केंद्र रहे। उनके कार्यक्रम को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के आयोजक पुनीत शर्मा ने बताया कि यात्रा का शुभारंभ रतन बिहारी पार्क से हुआ। यहां से प्रभु श्रीराम और हनुमानजी के जयकारों तथा भजनों की मधुर धुनों के बीच यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से आगे बढ़ी। इस दौरान बड़ी संख्या में शहरवासियों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों और संतों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा का समापन ग्रेजुएट हनुमानजी मंदिर में हुआ।

यात्रा के दौरान भक्ति संगीत की स्वर लहरियों और प्रभु श्रीराम व हनुमानजी के जयकारों से शहर का माहौल भक्तिमय बना रहा। रास्तेभर श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए। दीपावली के उत्सव के बीच धार्मिक आस्था और संगीत का यह संगम लोगों के लिए खास आकर्षण रहा।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने स्वयं भजन जैमिंग का नेतृत्व किया और श्रद्धालुओं के साथ भजनों में सहभागिता की। उन्होंने बीकानेरवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं। उनकी सहभागिता से आयोजन में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में भाजपा शहर जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़, देहात अध्यक्ष श्याम पंचारिया, उप महापौर पंकज गहलोत, नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष महावीर रांका, युधिष्ठिर सिंह भाटी, मोहन सुराणा, मनीष सोनी, श्याम सिंह हाडलां, कमल गहलोत और संतोषानंद महाराज सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। संतोषानंद महाराज की उपस्थिति ने आयोजन को आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की।

WhatsApp पर शेयर करें
Join our WhatsApp Group