संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर समरसता संकल्प अभियान: अलवर राजस्थान

img
संत रविदास जयंती समरसता संकल्प अभियान
राजस्थान वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने संत रविदास जयंती समरसता संकल्प अभियान को लेकर अलवर में आयोजित भाजपा कार्यशाला में शिरकत की। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में बताया की समता, सद्भाव और मानव सेवा का अमर संदेश देने वाले संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर आज अलवर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित समरसता संकल्प अभियान की जिला कार्यशाला में मुख्य वक्ता के नाते सहभागिता का अवसर प्राप्त हुआ। गुरु रविदास महाराज जी के विचार आज भी समाज को समता, एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता के पथ पर अग्रसर होने की प्रेरणा देते हैं। आइए, उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए समरस, समतामूलक और सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प लें। 

राजस्थान वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी
भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं राजस्थान वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने कहा है कि विपक्ष, वास्तव में पेपर लीक जैसे मुद्दे पर गंभीर है तो संसद में बहस से भागने के बजाय चर्चा करे। सोमवार को अलवर में कांग्रेस और विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे 152 पेपर लीक के आरोपों की व्यापक जांच होनी चाहिए, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि किस राज्य में और किस सरकार के दौरान कितने पेपर लीक हुए। चतुर्वेदी ने दावा किया कि सबसे अधिक पेपर लीक कांग्रेस शासन में हुए और राजस्थान इसका सबसे बड़ा केंद्र रहा। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल में 17 पेपर लीक हुए थे। 

विपक्ष पर संसद नहीं चलने देने का आरोप
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के पेपर लीक से जुड़े पुराने बयान अब भी सोशल मीडिया पर मौजूद हैं। अरुण चतुर्वेदी ने विपक्ष पर संसद नहीं चलने देने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब जब संसद का सत्र होता है, विपक्ष बहस से बचने का प्रयास करता है। उन्होंने वर्ष 2012 का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय राहुल गांधी ने अपनी ही सरकार के अध्यादेश को फाड़ दिया था। और अब भी लोकतांत्रिक संवाद को बाधित किया जा रहा है। उनके अनुसार संसद में पेपर लीक पर चर्चा होती तो देश के सामने सच्चाई आ जाती कि किन राज्यों में सबसे अधिक पेपर लीक हुए। अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने पेपर लीक के मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए परीक्षा रद्द की, जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो सीबीआई को सौंपी और पारदर्शी तरीके से दोबारा परीक्षा कराकर परिणाम जारी किये। 

भाजपा के लिए राष्ट्र सर्वोपरि
नीट पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर पूछे गये सवाल के जवाब में अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान खुद छात्र राजनीति से जुड़े रहे हैं, इसलिए युवाओं की पीड़ा समझते हैं। और उन्होंने राष्ट्रहित में स्वयं इस्तीफा दिया। युवाओं के आंदोलन को लेकर अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने त्वरित सुनवाई न्यायालय बनाने की घोषणा करके निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिया है।

About Us

न्यूज़ ब्लैक एंड व्हाइट पर आपको देश और दुनिया की ताजा खबरें और महत्वपूर्ण जानकारी मिलती है। न्यूज़ ब्लैक एंड व्हाइट हिंदी भाषा में एक अग्रणी प्लेटफॉर्म है, जहां आप लेटेस्ट न्यूज, ब्रेकिंग न्यूज, पॉलिटिक्स, खेल, मनोरंजन, टेक्नोलॉजी, लाइफस्टाइल, धर्म, और राशिफल से जुड़ी खबरें पढ़ सकते हैं।

Follow us

Tags Clouds

img